जशपुर , अक्टूबर 05 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। तपकरा थाना क्षेत्र के लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस ने एक मिनी ट्रक से 632.380 किलो गांजा बरामद कर उत्तर प्रदेश के बहराइच निवासी विनोद कुमार गुप्ता (42) को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपए आंकी गई है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार चार अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ओडिशा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आए एक मिनी ट्रक को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गई।

मिनी ट्रक में खाली बोतलों की शीशियों से भरी बोरियां रखी हुई थीं। पुलिस ने जब इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की तो टेप से लिपटे पैकेट बरामद हुए। कुल 20 बोरियों से ऐसे 597 पैकेट मिले, जिनमें गांजा भरा हुआ था। बरामद गांजे का वजन 632.380 किलो पाया गया।

पुलिस ने चालक विनोद कुमार गुप्ता से गांजे से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजे की खेप ओडिशा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 632.380 किलो गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक, दो मोबाइल फोन और तीन हजार रुपए नकद जब्त किए हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपए, मिनी ट्रक की कीमत करीब 25 लाख रुपए और मोबाइल की कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई गई है। नकदी सहित कुल जब्ती की कीमत करीब 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपए आंकी गई है।

पुलिस के मुताबिक लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर दो दिन के भीतर गांजा तस्करी के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले इसी बैरियर पर एक मिनी ट्रक से 440.63 किलो गांजा बरामद किया गया था। उस खेप को भी ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। तस्करों ने मिर्च से भरी बोरियों के नीचे गांजे के पैकेट छिपाए थे। उस कार्रवाई में जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपए आंकी गई थी और दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित