जशपुर , मई 13 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत बगीचा नगर में बुधवार को विशाल हेलमेट जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली में पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, शासकीय कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सैकड़ों लोगों ने हेलमेट पहनकर शहर के प्रमुख मार्गों से बाइक रैली निकालते हुए आमजन को यातायात नियमों के पालन एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
रैली का नेतृत्व डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीएम बगीचा प्रदीप राठिया, एसडीओपी दिलीप कुमार कोसले, डीएसपी ट्रैफिक के.आर. चौहान, जिला परिवहन अधिकारी विजय निकुंज, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभात सिदाम, उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक मौजूद रहे।
रैली का शुभारंभ हाई स्कूल ग्राउंड बगीचा से हुआ। बाइक रैली मुख्य मार्ग, थाना रोड, बस स्टैंड, तहसील चौक, रौनी रोड, नहर पारा एवं कुरुमकेला होते हुए पुनः हाई स्कूल ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें सिर में गंभीर चोट लगने के कारण होती हैं, जिन्हें हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल औपचारिकता नहीं बल्कि जीवन सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण साधन है। साथ ही नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील भी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित