जशपुर , मार्च 31 -- छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर कछार के पास हुए एक सड़क हादसे में दो बाइक चालकों की मौके पर ही मौत हुई है।
थाना प्रभारी विनीत पांडे ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब विपरीत दिशा से आ रही दो मोटरसाइकिलें तेज गति में आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों चालकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में कछार निवासी गोविंद यादव की पहचान हो चुकी है, जबकि दूसरे मृतक की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं, ताकि हादसे के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।
थाना प्रभारी के ही मुताबिक प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही इस दुर्घटना का मुख्य कारण प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित