जशपुर , जून 17 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में स्थित बगीचा थाना क्षेत्र में निर्माण विवाद को लेकर शिक्षक दंपति सहित चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता जयन्त गुप्ता की रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एफआईआर के अनुसार 14 जून 2026 को शिकायतकर्ता ने देखा कि न्यायालय एवं प्रशासनिक आदेशों के बावजूद विवादित भूमि पर निर्माण कार्य कराया जा रहा था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शिक्षक अमित जैन, उनकी पत्नी अनुज सिंह मरावी, पिता अशोक जैन तथा माता रजनी देवी द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा था।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि निर्माण कार्य का विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज की, मारपीट की तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित भूमि के संबंध में पूर्व से न्यायालय और प्रशासन द्वारा कई आदेश जारी किए गए थे।

बगीचा थाना प्रभारी गौरव पांडेय ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 296, 351(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित