जशपुर , जनवरी 31 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला पुलिस ने प्रतिबंधित मादक पदार्थ के कारोबार में शामिल एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई है, जिसका बाजार मूल्य लगभग 10,800 रुपये आंका गया है।
पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) कार्यालय से शनिवार को मिली जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का नाम आफरीन खातून (27) पत्नी तस्लीम खान उर्फ चक्कर, निवासी साईंटांगरटोली ईदगाहपारा है। इस संबंध में थाना लोदाम में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 21(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रमुख डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) लाल उमेद सिंह को शुक्रवार को एक गुप्त सूचना मिली थी कि आफरीन खातून अपने घर में अवैध रूप से ब्राउन शुगर रखकर उसकी बिक्री कर रही है। इस सूचना की तत्काल तहकीकात के लिए थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे को एक टीम के साथ कार्यवाही का निर्देश दिया गया।
पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी और गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर की एक परछी में छिपाकर रखे एक प्लास्टिक पैकेट से छोटी-छोटी 18 पुड़ियों में कुल 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया और महिला कर्मचारियों की उपस्थिति में आरोपी को अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह मादक पदार्थ उसके पति ने बिक्री के लिए दिया था, जो पिछले एक महीने से एक अन्य मामले में जेल में है। डीजीपी सिंह ने जनता से अपील की है कि वे अपने आस-पास हो रही किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
इस कार्रवाई में निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे के अलावा सहायक उप निरीक्षक सहवीर भगत, प्रदीप लकड़ा, राजेश गोप, लक्ष्मी बाई और सुष्मिता भगत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित