रायपुर , जून 25 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बागबहार-कोतबा मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का कार्य तेजी से जारी है। लगभग 39 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत अब तक 10 किलोमीटर हिस्से में चौड़ीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि छह पुलियों का निर्माण भी पूर्ण हो चुका है।
लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता, संभाग पत्थलगांव ने आज बताया कि परियोजना का कार्यादेश 30 सितंबर 2025 को मेसर्स अभय कंस्ट्रक्शन, जशपुर को जारी किया गया था। सड़क निर्माण कार्य अक्टूबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में लगभग 10 किलोमीटर हिस्से में सबग्रेड स्तर तक चौड़ीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। बागबहार की ओर से ग्रेन्युलर सब-बेस (जीएसबी) का कार्य भी शुरू हो गया है, जिसमें लगभग एक किलोमीटर हिस्से का काम पूरा किया जा चुका है। मार्ग पर छह पुलियों का निर्माण भी पूर्ण हो गया है तथा शेष कार्य प्रगति पर है।
विभाग के अनुसार निर्माण अवधि के दौरान यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए सड़क के गड्ढों की अस्थायी मरम्मत भी कराई जा रही है। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित