जशपुर , नवंबर 07 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में विशेष संरक्षित पहाड़ी कोरवा जनजाति की 15 वर्षीय किशोरी की प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने से मौत हो गई। किशोरी ने घर पर ही बच्चे को जन्म दिया था, जिसके बाद उसकी तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। नवजात की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है और उसे चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।
आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, जशपुर जिले के सन्ना ब्लॉक की निवासी किशोरी कुछ लोगों के साथ काम करने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर गई थी। वहां काम के दौरान उसकी पहचान लरिकाकोना निवासी एक युवक से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए और इसी दौरान किशोरी गर्भवती हो गई। गर्भावस्था में वह अपने घर लौट आई थी। परिजनों को इसकी जानकारी मिलने के बाद किशोरी घर पर ही रह रही थी।
बताया गया है कि सोमवार को किशोरी ने घर में ही बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे सन्ना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जशपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में भी स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। यहां भर्ती कर उसका उपचार किया जा रहा था, लेकिन शुक्रवार को इलाज के दौरान किशोरी ने दम तोड़ दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित