जशपुर , सितंबर 30 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में स्थित पत्थलगांव के पाकरगांव में दो मजदूरों की मौत के मामले में बुधवार को विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। मृतक मजदूरों के परिजनों एवं ग्रामीणों ने मुआवजे एवं जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग को लेकर एनएच-43 पर चक्काजाम किया।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग है कि दोनों मृतक मजदूरों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। इसके साथ ही विद्युत विभाग के संबंधित जूनियर इंजीनियर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग भी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार पाकरगांव में जिस विद्युत कार्य के दौरान हादसा हुआ, उसका ठेका सौरभ अग्रवाल के पास होने की बात सामने आई है। हादसे में दो मजदूरों की मौत के बाद अब ठेके की शर्तों, कार्य के दौरान अपनाई गई सुरक्षा व्यवस्था और विद्युत सुरक्षा से जुड़े प्रोटोकॉल को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
मृतकों के परिजन और ग्रामीण ठेकेदार के साथ-साथ विभागीय स्तर पर भी जिम्मेदारी तय करने की मांग कर रहे हैं। हालांकि, लापरवाही और जिम्मेदारी के वास्तविक तथ्यों का निर्धारण जांच के बाद ही होगा। मामले को लेकर पत्थलगांव उपायुक्त क्षितिज गुरभेले ने मजिस्ट्रियल जांच की बात कही है। जांच में हादसे के कारणों, कार्य के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था तथा संबंधित पक्षों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी।
चक्काजाम के दौरान कांग्रेस के पूर्व विधायक यूडी मिंज, पूर्व विधायक रामपुकार सिंह और पूर्व विधायक हृदयराम राठिया मृतक परिवारों के समर्थन में मौके पर पहुंचे। कांग्रेस नेता विनयशील गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती आरती सिंह, रत्ना पैंकरा समेत अन्य कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में समर्थक भी प्रदर्शन में शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित