जशपुर, मार्च 01 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गौ-तस्करी एवं मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए जशपुर पुलिस ने रविवार को पिछले दो माह की उपलब्धियों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड जारी किया है।
डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद और ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस ने बड़ी संख्या में गौवंश को तस्करी से मुक्त कराने के साथ ही नशे के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की है।
डीआईजी कार्यालय से आज मिली जानकारी के अनुसार,ऑपरेशन शंखनाद के तहत 28 फरवरी को थाना लोदाम और सिटी कोतवाली जशपुर की संयुक्त टीम ने 19 गौवंश को तस्करी होने से बचाया। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया जबकि उनके कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त दो पिकअप वाहन और एक स्कॉर्पियो जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप कुमार राय (35 वर्ष) और अमर कुमार शाह (26 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम पोझी, भुवालपुर, जिला सारण (बिहार) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि एक अन्य घटना में थाना लोदाम पुलिस ने पोड़ी रोड़ के पास एक स्कॉर्पियो (जेएच 01 जी 6820) से छह गौवंश को बरामद किया, हालांकि आरोपी मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर एंड-टू-एंड जांच की जा रही है।
जारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक ऑपरेशन शंखनाद के तहत कुल 361 गौवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया है, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 24.55 लाख रुपये आंकी गई है। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त 18 वाहन (करीब 75 लाख रुपये मूल्य के) जब्त किए गए और 20 गौ-तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया। मुक्त कराए गए गौवंश को सुरक्षित रूप से गौशालाओं एवं उनके वैध मालिकों को सौंप दिया गया है।
वहीं, मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत भी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 28 फरवरी को सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने विवेकानंद कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान पर छापा मारकर 24.840 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 12.42 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में आरोपी सुनील भगत उर्फ गोविंदा (निवासी जैन मंदिर) और रवि विश्वकर्मा (निवासी तेलीटोली) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उक्त गांजा तपकरा क्षेत्र से लाकर जशपुर में रखे थे।
पुलिस द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, पिछले दो माह में ऑपरेशन आघात के तहत कुल 344.355 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 96.42 लाख रुपये है। इसके अलावा 640 नग कफ सिरप और 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर भी बरामद की गई है। नशे के इस अवैध कारोबार में शामिल 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त चार कार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
सारथी.अभयवार्ताआबकारी अधिनियम के तहत भी पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 46 प्रकरण दर्ज किए हैं। इन मामलों में 46 आरोपियों के कब्जे से 91.680 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत 12,360 रुपये आंकी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित