रायपुर , जून 25 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 135 घनमीटर अवैध रूप से भंडारित रेत जब्त किया गया है। इस कार्रवाई में जुर्माना एवं राजस्व मद में 83 हजार रुपये से अधिक की वसूली की गई है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशों के अनुरूप जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बगीचा विकासखंड के ग्राम पंचायत गुडलू में अवैध रेत भंडारण की शिकायत मिलने पर 19 जून को खनिज विभाग की टीम ने जांच की। जांच में 135 घनमीटर रेत का अवैध भंडारण पाए जाने पर उसे जब्त कर लिया गया तथा खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

विभाग ने अवैध रेत भंडारण के मामले में 40 हजार 780 रुपये का जुर्माना लगाया। इसके अलावा अवैध रेत परिवहन से जुड़े चार अलग-अलग प्रकरणों में 42 हजार 736 रुपये की राशि खनिज मद में जमा कराई गई। इस प्रकार कुल 83 हजार रुपये से अधिक की राशि जुर्माना एवं राजस्व के रूप में वसूल की गई।

सहायक खनिक अधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अवैध खनिज गतिविधियों की सूचना संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की है, ताकि ऐसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित