रायपुर , मार्च 06 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड के ग्राम गोडा अंबा के पास हुई बस दुर्घटना को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस दर्दनाक हादसे में कई लोगों के असामयिक निधन पर शोक जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड के ग्राम गोडा अंबा के पास हुई बस दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। इस हादसे में कई लोगों के असामयिक निधन से वह अत्यंत व्यथित हैं।

श्री साय ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय को सहन करने की शक्ति दें। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना में घायल सभी लोगों का बेहतर उपचार किया जाये और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों में पूरी गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

श्री साय ने अंत में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए "ॐ शांति" की प्रार्थना की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित