जशपुर, जनवरी 10 -- छत्तीसगढ़ में जशपुर पुलिस ने सीमावर्ती राज्यों से हो रहे अवैध धान परिवहन पर नकेल कसने की कार्रवाई में पिकअप वाहन को 30 क्विंटल धान के साथ जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने गढ़वा मुड़ा गांव के पास 30 क्विंटल धान लदे पिकअप को जब्त कर लिया। जब्त किए गए धान का बाजार मूल्य लगभग 69,000 रुपये है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय ने शनिवार को बताया कि वाहन को शुक्रवार की रात जब्त किया गया। चौकी उपरकछार पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध पिकअप (जेएच-01-जीएच-8011) झारखंड से ग्रामीण रास्तों से होते हुए अवैध धान लेकर आ रहा है। पुलिस टीम ने गढ़वा केला क्षेत्र में नाकाबंदी लगायी। पुलिस को देखकर पिकअप चालक ने वाहन रोकने की बजाय तेजी से भागने का प्रयास किया। पुलिस के पीछा करने पर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि पिकअप में 60 बोरी में लगभग 30 क्विंटल धान भरा था। वाहन की रजिस्ट्री ग्राम करडेगा निवासी रंजीत साहू के नाम है। धान थाना तपकरा क्षेत्र के ग्राम सिंगीबहार निवासी शिवम् यादव (25 वर्ष) का बताया जा रहा है। दोनों में से किसी ने भी धान के परिवहन या मंडी टोकन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किए। अतः पुलिस ने वाहन और धान जब्त कर कानूनी कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित