जशपुर , मई 13 -- छत्तीसगढ़ की जशपुर पुलिस ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन आघात" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना कांसाबेल अंतर्गत चौकी दोकड़ा पुलिस ने दो क्विंटल सात किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन, मोबाइल फोन एवं नगद राशि सहित कुल एक करोड़ 13 लाख 60 हजार 550 रुपए की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार 12 मई को चौकी दोकड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन में कच्चे आम लोड कर उनके नीचे भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर दोकड़ा एवं कांसाबेल पुलिस ने संयुक्त रूप से नाकाबंदी की।

संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए बगिया-दोकड़ा मुख्य मार्ग स्थित बहाल जोर के पास वाहन को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पिकअप में रखे प्लास्टिक कैरेट में ऊपर कच्चे आम भरे मिले। आम हटाने पर नीचे खाकी रंग की प्लास्टिक टेप में पैक किए गए गांजे के पैकेट बरामद हुए।

पुलिस ने कुल 23 प्लास्टिक कैरेट से 207 किलो गांजा बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रेमनाथ सिंह (36) निवासी ग्राम बिमड़ा, थाना बगीचा, जिला जशपुर बताया। आरोपी ने बताया कि वह गांजा सुंदरगढ़ (ओडिशा) से लेकर आया था और उसे अंबिकापुर पहुंचाना था, जहां से दूसरा व्यक्ति वाहन को उत्तर प्रदेश ले जाने वाला था।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध चौकी दोकड़ा में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 20 (बी) (2) (सी) के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित