जशपुर , जनवरी 21 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन आघात' के तहत पुलिस ने थाना नारायणपुर क्षेत्र के रानीकोंबो में एक कार से एक क्विंटल 85 किलो 42 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (गांजा) बरामद करने के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे का बाजार मूल्य लगभग 55 लाख 50 हजार रुपये आंका गया है।
पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले शान मोहम्मद उर्फ सानू (22) और सुहैल अहमद (19) हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई सफेद क्रेटा कार और आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
मामले की जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि मंगलवार तड़के लगभग तीन से चार बजे के बीच मुखबिर से एक संदिग्ध कार के बारे में सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, कार में नशे का सामान ले जाया जा रहा था। इस पर तत्काल थाना नारायणपुर और बगीचा की पुलिस टीमों ने रानीकोंबो क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी।
संदिग्ध कार के रुकने पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली। कार की पिछली सीट और डिकी के नीचे पीले रंग की प्लास्टिक टेप से लिपटे कुल 180 पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों में मौजूद गांजे का वजन एक क्विंटल 85 किलो 42 ग्राम था। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे ओडिशा के मलकानगिरी से यह गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहे थे और यह काम लखनऊ के एक व्यक्ति के कहने पर कर रहे थे। पुलिस ने तीसरे तस्कर को भी चिह्नित कर लिया है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नारायणपुर में नार्कोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित