जशपुर, जुलाई 19 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल देशदेखा में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार, केराडीह और कुनकुरी क्षेत्र के चार दोस्त स्कॉर्पियो वाहन से देशदेखा घूमने पहुंचे थे। उस समय आसमान में घने बादल छाए हुए थे और आसपास बारिश हो रही थी। जैसे ही चारों वाहन से उतरकर कुछ कदम आगे बढ़े, अचानक उन पर आकाशीय बिजली गिर गई।

इस हादसे में केराडीह निवासी गौरव खलखो (20 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आशीष प्रजापति और दानिश खान गंभीर रूप से घायल हो गए। चौथा युवक सुरक्षित बताया जा रहा है।

गौरतलब है कि शनिवार को मौसम विभाग ने जशपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की थी। चेतावनी के लगभग 20 घंटे बाद यह दर्दनाक हादसा सामने आया।

प्रशासन ने बारिश और गरज-चमक के दौरान लोगों से खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और पर्यटन स्थलों पर जाने से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित