जशपुर , अगस्त 27 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को रक्षाबंधन के अवसर पर जशपुर जिले के बगिया कैम्प कार्यालय में महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'जशपुर एक्सप्रेस' योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत जिले की 50 महिलाओं को ई-रिक्शा प्रदान किए गए।

इस अवसर पर स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने मुख्यमंत्री साय की कलाई पर राखी बांधकर उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने महिलाओं को साड़ी और मिठाई भेंट कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होना सशक्त परिवार और समृद्ध समाज की बुनियाद है। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा महिलाओं के लिए केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि नियमित आय और सम्मानजनक स्वरोजगार का माध्यम बनेगा।

उन्होंने बताया कि पिछले रक्षाबंधन पर स्व-सहायता समूहों की 14 महिलाओं को ई-रिक्शा प्रदान किए गए थे। इस वर्ष 'जशपुर एक्सप्रेस' योजना के माध्यम से 50 और महिलाओं को ई-रिक्शा उपलब्ध कराए गए हैं। राजधानी रायपुर में भी महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 92 ई-रिक्शा दिए गए हैं। ई-रिक्शा चला रही महिलाएं प्रतिमाह लगभग 15 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं।

श्री साय ने कहा कि स्व-सहायता समूहों की महिलाएं किराना दुकान, सब्जी व्यवसाय और विभिन्न छोटे उद्यमों सहित अनेक आजीविका गतिविधियों से जुड़ी हैं। अब ई-रिक्शा सेवाओं में भी उनकी भागीदारी बढ़ रही है। महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने और व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए मुद्रा ऋण की सुविधा भी उपलब्ध है।

उन्होंने कहा कि 'जशपुर एक्सप्रेस' योजना से महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और नियमित आमदनी का साधन मिलने के साथ आवागमन की सुविधा भी बेहतर होगी। उन्होंने ई-रिक्शा प्राप्त करने वाली महिलाओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और आर्थिक आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान बगिया क्षेत्र में विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। उन्होंने करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बगिया विश्राम गृह और यादव मोहल्ला तक बनने वाली सीसी सड़क के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।

श्री साय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सड़क, भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास से ग्रामीणों को सहूलियत मिलने के साथ स्थानीय विकास को भी गति मिलेगी।

कार्यक्रम में कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित