जमुई , अप्रैल 24 -- बिहार के जमुई जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय बरहट में शुक्रवार को कक्षा 10 के एक छात्र की हॉस्टल परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक छात्र की पहचान अनंत कुमार के रूप में हुई है। वह जिले के मलयपुर थाना क्षेत्र के फुलबरिया पंडित टोला का निवासी था। उसके पिता तारकेश्वर प्रसाद शिक्षक हैं।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, छात्र को गंभीर अवस्था में हॉस्टल के बाथरूम से निकालकर तुरंत सदर अस्पताल जमुई ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुजीत कुमार ने बताया कि छात्र अनंत कुछ दिनों से परेशान लग रहा था और इस संबंध में उसके पिता को भी जानकारी दी गई थी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित