नयी दिल्ली , मार्च 26 -- जल शक्ति मंत्रालय के तहत जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग नेजल सचिवों के क्षेत्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जिसमें विभिन्न राज्यों में चल रही परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
जल शक्ति मंत्रालय में सचिव वी. एल. कांता राव की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मेलन में ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु सहित कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। सम्मेलन में मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं की प्रगति, अंतर-राज्यीय मुद्दों तथा केंद्र-राज्य समन्वय को मजबूत करने पर चर्चा की गई। इसमें प्राथमिकता वाली परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और समन्वय में अंतराल कम करने पर जोर देते हुए राज्यों से आगामी वित्त आयोग चक्र योजनाओं के सुधार में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया गया।
बैठक में बाढ़ पूर्वानुमान, तलछट प्रबंधन, तटीय क्षेत्रों में लवणता की समस्या, बांध सुरक्षा अधिनियम के प्रावधानों के क्रियान्वयन और जल संरक्षण में जनभागीदारी जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित