पन्ना , अक्टूबर 28 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में लोकायुक्त की टीम ने जल संसाधन विभाग के कार्यालय में कार्रवाई कर लेखपाल दीपक परिहार और लिपिक अरविंद पाठक को कथित तौर पर रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। जिला न्यायालय के सामने स्थित विभागीय कार्यालय में हुई कार्रवाई के दौरान लेखपाल पर 15 हजार रुपये और लिपिक पर 30 हजार रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजयगढ़ तहसील के मझगांय बांध परियोजना के निर्माण कार्य के भुगतान के एवज में वैष्णव कंस्ट्रक्शन कंपनी, ग्वालियर के ठेकेदार गौरव तोमर से रिश्वत मांगी जा रही थी। ठेकेदार की शिकायत के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित