शिवहर , जून 01 -- बिहार जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने सोमवार को जिले के पिपराही तटबंध पर निर्माणाधीन बेलवा डैम परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिए। सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने आज जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी एवं पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा की उपस्थिति में निर्माणाधीन बेलवा डैम परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से परियोजना को पूरा करने के निर्देश दिए।
डॉ. सिंह ने कहा कि बेलवा डैम क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण परियोजना है, जिससे बाढ़ नियंत्रण के साथ-साथ सिंचाई संबंधी समस्याओं के समाधान में भी मदद मिलेगी। उन्होंने संबंधित अभियंताओं को तकनीकी मानकों एवं सुरक्षा प्रावधानों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए , जिससे निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के दौरान विभाग के वरीय अधिकारी तथा स्थानीय प्रशासन के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित