पटना , अप्रैल 10 -- बिहार जल संसाधन विभाग की ओर से शुक्रवार को विभागीय पदाधिकारियों के लिए "स्ट्रेस मैनेजमेंट" विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला का आयोजन जल संसाधन विभाग के मत्री विजय कुमार चौधरी के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर मुख्य शिक्षक के रूप में 'आर्ट ऑफ लिविंग' के फैकल्टी रिपु सदन उपस्थित थे, जिन्होंने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया।
इस कार्यक्रम में प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, अभियंता प्रमुख (बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण) वरुण कुमार, अभियंता प्रमुख (मुख्यालय) ब्रजेश मोहन, अभियंता प्रमुख (सिंचाई सृजन)अनवर जमील, विशेष सचिव के. डी. प्रौज्ज्वल, मंत्री के आप्त सचिव ज्ञानेंद्र कुमार सहित विभाग के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता एवं अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर श्री रिपु सदन ने 'आर्ट ऑफ लिविंग' के माध्यम से जीवन जीने की कला पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्तमान व्यस्त जीवनशैली में तनाव से दूर रहकर मन को शांत एवं संतुलित रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विभिन्न योग एवं ध्यान प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया तथा तनाव प्रबंधन से संबंधित वीडियो के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि सकारात्मक सोच एवं नियमित अभ्यास के माध्यम से व्यक्ति सरल, स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन व्यतीत कर सकता है।
कार्यशाला के समापन पर प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करते हुए सभी पदाधिकारी अपने कार्यों को अधिक प्रभावी एवं तनावमुक्त ढंग से संपादित कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित