पटना , जून 02 -- जल संसाधन विभाग की ओर से मंगलवार को सिंचाई भवन स्थित सभागार में 'जल-जीवन-हरियाली' अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के निदेशक सुमित कुमार ने कहा कि राज्य सरकार ने समय रहते जलवायु परिवर्तन की चुनौती को पहचाना और काम शुरू कर दिया।
निदेशक ने विभाग की ओर से संचालित गंगाजल आपूर्ति योजना की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार गंगा जल को इतनी दूर ले जाकर पहुंचाने का सफल प्रयास किया गया है। राजगीर, गया, बोधगया और नवादा जिलों में इस योजना का अच्छा असर दिख रहा है। उन्होंने उत्तर बिहार में भी जल संरक्षण और संचयन के कार्य तेज करने की जरूरत पर बल दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विशेष सचिव केडी प्रौज्जवल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच से शुरू किया गया यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए वरदान साबित होगा। विभाग ने गंगा जल आपूर्ति योजना जैसी दूरदर्शी योजनाएं शुरू की हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम दिखने लगे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में बाढ़ और सूखे दोनों की समस्या है, लेकिन इस अभियान के कार्यों से स्थिति में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित