अमृतसर , जनवरी 30 -- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहीदी दिवस के मौके पर शुक्रवार को सुबह जलियांवाला बाग में जिला प्रशासन के अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस कर्मियों और आम जनता ने देश और राष्ट्र के लिए अपनी जान कुर्बान करने वाले शहीदों की याद में दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने बिगुल बजाया और दो मिनट का मौन रखा गया।
इस मौके पर जिला उपायुक्त दलविंदरजीत सिंह ने कहा कि शहीद किसी भी देश की पूंजी होते हैं और वे हमेशा हमारी नयी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहते हैं। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को महात्मा गांधी के दिखाए रास्ते से मार्गदर्शन लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें अपनी आज़ादी को बनाये रखने के लिए पूरी ईमानदारी और मेहनत से कोशिश करनी चाहिए, ताकि हमारा देश तरक्की करता रहे और दुनिया के नक्शे पर एक खुशहाल देश के तौर पर जाना जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित