हरदोई , अगस्त 21 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में सकाहा मंदिर में गंगाजल चढ़ाकर बाइक से घर लौट रहे दो दोस्तों को कोतवाली देहात इलाके में हरदोई शाहजहांपुर रोड पर असिगांव के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।

हादसे में कौढ़ा गांव निवासी मोनू की मौत हो गई, जबकि उसका साथी अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मोनू को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में अनुज को लखनऊ रेफर किया गया।

पुलिस के मुताबिक कोतवाली देहात के कौढ़ा गांव के रहने वाले मोनू और अनुज गुरुवार सुबह बाइक से राजघाट गंगाजल लेने गए थे। वहां से गंगाजल लेकर दोनों सकाहा मंदिर पहुंचे और जल चढ़ाने के बाद देर रात घर लौट रहे थे। असिगांव के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद पुलिस ने दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया जहां मोनू को मृत घोषित कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित