पटना , फरवरी 25 -- पटना नगर निगम ने शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से रख-रखाव कार्यों के लिये दो करोड़ सताइस लाख की राशि आवंटित की है।
इस निर्णय का उद्देश्य नागरिकों को निर्बाध, स्वच्छ एवं नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करना है।आवंटित राशि का उपयोग जलापूर्ति से संबंधित पाइपलाइन की मरम्मती , लीकेज की रोकथाम, खराब वाल्व एवं पंपों के प्रतिस्थापन, जलमीनारों की सफाई तथा मोटर एवं अन्य उपकरणों के अनुरक्षण कार्यों पर किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, आपात स्थिति में त्वरित मरम्मत कार्य सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
पटना के नगर आयुक्त यशपाल मीणा द्वारा जलापूर्ति शाखा के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जलापूर्ति तंत्र का नियमित निरीक्षण करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
पटना नगर निगम ने आमजनों से अपील की है कि वे जलापूर्ति संबंधी किसी भी समस्या की जानकारी पटना नगर निगम के कंट्रोल को 155304 अथवा चैटबॉट नंबर 9264447449 पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित