देवरिया , जून 05 -- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के देवरिया में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने कहा कि बढ़ते वायु प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण समय की आवश्यकता है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिलाध्यक्ष काली प्रसाद के नेतृत्व में जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए वृक्षारोपण किया तथा सामाजिक सेवा गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक वृद्धाश्रम पहुंचकर वृद्धजनों को फल वितरित किए तथा उनका कुशलक्षेम जाना। कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों ने भी इस पहल की सराहना की।

भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि पार्टी केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, सुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों को लेकर निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित