गया , नवंबर 04 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में ग्रामीण विकास की नीतियों को नई गति देने के साथ ही गांवों को आपदा सहिष्णु बनाने के उद्देश्य से गया में दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। मौसम पर मंथन- मल्टी स्टेक होल्डर डायलॉग फॉर ट्रांसफॉर्मिंग रूरल इंडिया थ्रू वीबी-जी राम जी विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में जलवायु परिवर्तन एवं प्राकृतिक आपदाओं से उत्पन्न चुनौतियों का सामना करने के लिए टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण, जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों का संवर्धन, पर्यावरण संरक्षण आदि विषयों पर गहन चर्चा की गई।
कार्यशाला का आयोजन भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय एवं जर्मन विकास सहयोग (जीआइजेड) के आपसी सामंजस्य में किया गया, जिसमें केंद्र एवं राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी, 28 राज्यों के प्रतिनिधि, जर्मनी दूतावास के वरिष्ठ पदाधिकारीऔर जर्मन विकास सहयोग के विशेषज्ञों ने भाग लिया।
इस कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने जोर दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी योजनाएं बनाई जाएं जो न सिर्फ रोजगार दें, बल्कि जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाओं के खतरों से निपटने के लिए गांवों को मजबूत सुरक्षा कवच प्रदान करें। इस दौरान विकसित भारत-जी राम जी की श्रेणी-IV (वर्ग-4) के अंतर्गत जलवायु परिवर्तन एवं प्राकृतिक आपदाओं के प्रभावों को कम करने, जलवायु-सहिष्णु परिस्थितियों के निर्माण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, ग्राम पंचायत स्तर पर स्थानीय जलवायु और आपदा जोखिमों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने आदि विषयों पर गहन चर्चा की गई।
इस दौरान इस बात पर विशेष बल दिया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्मित होने वाली परिसंपत्तियां सिर्फ तात्कालिक आवश्यकताओं की पूर्ति तक सीमित न रहें, बल्कि वे दीर्घकालिक रूप से ग्रामीण समुदायों की आजीविका को मजबूत करने, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करने और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के प्रति गांवों की सहनशीलता बढ़ाने में भी योगदान दें।
चर्चा के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों, जल उपलब्धता, प्राकृतिक संसाधनों, पर्यावरणीय चुनौतियों और संभावित आपदा जोखिमों का आकलन करते हुए योजनाओं का चयन कर उसके क्रियान्वयन की महती आवश्यकता बताई गई। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकारों के बीच समन्वय, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और विभिन्न राज्यों में अपनाई जा रही सफल कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को महत्त्वपूर्ण बताया गया।
इधर ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बिहार के संदर्भ में यह कार्यशाला विशेष महत्व रखती है। कार्यशाला में राज्य में जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों का प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु सहनशील ग्रामीण परिसंपत्तियों के निर्माण के लिए किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय मंच पर साझा करने के साथ-साथ अन्य राज्यों की सफल कार्यप्रणालियों एवं अनुभवों से सीखने का अवसर मिला। इससे राज्य में विकसित भारत-जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्राम पंचायत स्तर पर स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप जलवायु अनुकूल विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
कार्यशाला का शुभारंभ ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की संयुक्त सचिव श्रीमती रोहिणी भाजीभाकरे, विकसित भारत-जी राम जी के निदेशक संजय कुमार, ग्रामीण विकास विभाग, बिहार के अपर मुख्य सचिव एचआर श्रीनिवास और विकसित भारत-जी राम जी के आयुक्त, अंजनि कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ। ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव रोहित कांसल भी ऑनलाइन माध्यम से इस कार्यशाला में शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित