पटना , सितंबर 03 -- हर घर नल का जल" निश्चय अंर्तगत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की ओर से "जलमीनार सफाई अभियान" की शुरुआत की गई।इस अभियान का शुभारंभ लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव बी. कार्तिकेयने पटना जिले के फतुहा प्रखंड अंतर्गत डुमरी पंचायत के खोखना में किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण जलापूर्ति योजना के जलमीनार की सफाई अपने समक्ष करवाकर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सचिव बी. कार्तिकेय ने कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता के लिए जलापूर्ति योजनाओं के अंतर्गत स्थापित जलमीनारों एवं पानी की टंकियों की नियमित सफाई अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विभाग के सभी अभियंताओं एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में कम से कम एक जलमीनार/पानी की टंकी की सफाई अपने समक्ष अवश्य सुनिश्चित कराएं।
सचिव ने कहा कि जलमीनारों की नियमित सफाई से टंकियों में जमा गाद, कचरा एवं अन्य अवांछित तत्वों को हटाने के साथ-साथ जल की स्वच्छता एवं गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा इस अभियान के माध्यम से जलापूर्ति संरचनाओं की स्वच्छता, नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी पर विशेष जोर दिया जा रहा है।लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग का उद्देश्य है कि हर घर तक पहुंचने वाला नल का जल स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित