जयपुर , नवंबर 01 -- राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ (जलदाय विभाग) के अध्यक्ष महेंद्र शर्मा और सचिव कृष्णेंदु चटर्जी ने ट्रेजरी में पिछले छह-सात महीनों से लंबित उपार्जित अवकाश, जीपीएफ लोन, बकाया एवं अन्य स्वीकृत भुगतानों के मामलों में हो रहे विलंब पर गहरा रोष व्यक्त किया है। संघ ने सरकार से इन सभी भुगतानों को तुरंत जारी करने की मांग की है।
श्री शर्मा ने रविवार को जारी अपने बयान में कहा कि बिल स्वीकृत और पास होने के बावजूद ईसीएस के जरिए राशि कर्मचारियों के खातों में जमा न होने से बड़ी संख्या में कर्मचारी आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर भी अपने स्वीकृत पैसे न मिलने के कारण कर्मचारियों में भारी आक्रोश है।
सचिव कृष्णेंदु चटर्जी ने कहा कि कुछ चुनिंदा कर्मचारियों को भुगतान करने मात्र से इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं होने वाला है, बल्कि सभी पात्र कर्मचारियों के लंबित भुगतानों का समान रूप से निस्तारण किया जाना चाहिए।
राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ ने राज्य सरकार और वित्त विभाग से पुरजोर मांग की है कि दीपावली से पहले सभी राजसेवकों के उपार्जित अवकाश, जीपीएफ लोन, बकाया और अन्य सभी स्वीकृत लंबित भुगतान उनके बैंक खातों में अविलंब जमा कराए जाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित