, April 22 -- बर्लिन, 22 अप्रैल (स्पूतनिक/वार्ता) जर्मनी होर्मुज़ जलडमरूमध्य में जहाज़ों को सुरक्षित करने के वास्ते अंतरराष्ट्रीय मिशन में भाग लेने के लिए तीन जहाज़ तैनात करने की योजना बना रहा है।

'डेर स्पीगल' मैगज़ीन ने जर्मन राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सदस्यों का हवाले से अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। मैगज़ीन ने मंगलवार को अपनी रिपोर्ट में बताया कि जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ की अध्यक्षता में परिषद की बैठक हुई, जिसमें पश्चिम एशिया की स्थिति सहित कई महत्वपूर्ण राजनीतिक और आर्थिक मुद्दों पर चर्चा की गयी। रिपोर्ट में कहा गया है कि परिषद इस मिशन में भाग लेने के लिए दो माइनस्वीपर (बारूदी सुरंग हटाने वाले जहाज़) और एक आपूर्ति जहाज़ तैनात करने की इजाजत दे सकती हैं।

इसके अलावा, रिपोर्ट में बताया गया है कि जर्मनी ने 'एस्पाइड्स' मिशन के हिस्से के रूप में वर्तमान में जिबूती में तैनात एक छोटे टोही विमान को भी तैनात करने का प्रस्ताव दिया है।

गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक अप्रैल को कहा था कि वह उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) से अमेरिका को बाहर निकालने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं, क्योंकि सहयोगी देशों ने ईरान के खिलाफ अमेरिका-इज़रायल युद्ध में शामिल होने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य में युद्धपोत भेजने के उनके आह्वान को यूरोपीय देशों द्वारा ठुकराए जाने के बाद अब वह यूरोप को एक विश्वसनीय रक्षा भागीदार के रूप में नहीं देखते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित