बर्लिन , अक्टूबर 06 -- जर्मनी के पूर्व खुफिया प्रमुख ऑगस्ट हेनिंग को जासूसी, राजद्रोह और विदेशी शक्ति के लिए गोपनीय जानकारी हासिल करने के संदेह में गिरफ्तार किया गया है। जर्मनी के संघीय अभियोजक कार्यालय ने यह जानकारी दी।
हेनिंग 1998 से 2005 तक संघीय खुफिया सेवा (बीएनडी) के प्रमुख रहे थे और बाद में निजी सलाहकार के रूप में काम कर रहे थे।
अभियोजकों के अनुसार, हेनिंग ने गोपनीय खुफिया जानकारी का इस्तेमाल एक विदेशी खुफिया सेवा के अधिकारी के लिए 'एक विश्लेषण तैयार करने' में किया और दूसरी विदेशी खुफिया सेवा के एक प्रतिनिधि के संपर्क में भी रहे। जांचकर्ताओं ने संबंधित विदेशी देशों की पहचान नहीं बतायी है।
पुलिस ने बीएनडी के पूर्व कर्मचारी मैनफ्रेड डी. को भी गिरफ्तार किया है। उस पर हेनिंग को करीब 2,000 गोपनीय दस्तावेज धनराशि के बदले उपलब्ध कराने का आरोप है। अभियोजकों के अनुसार, मैनफ्रेड डी. ने हेनिंग के कार्यालय प्रमुख के रूप में काम किया था और इस वर्ष तक बीएनडी में कार्यरत था।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, हेनिंग को म्यूनस्टर के निकट नॉर्डवाल्डे स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया, जबकि मैनफ्रेड डी. को बवेरिया से गिरफ्तार किया गया। हेनिंग को बुधवार और मैनफ्रेड डी. को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाना है।अभियोजकों ने कहा कि मैनफ्रेड डी. ने 2012 से 2026 तक हेनिंग के बाद बीएनडी प्रमुख बने अधिकारियों के चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में भी काम किया और अपने पद का इस्तेमाल अत्यंत गोपनीय जानकारी तक पहुंच हासिल करने के लिए किया। आरोप है कि उसने पारिश्रमिक के बदले यह जानकारी हेनिंग को दी।
अभियोजक कार्यालय के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्यों से संकेत मिलता है कि मैनफ्रेड डी. ने वर्षों के दौरान हेनिंग को करीब 2,000 दस्तावेज दिये, जिनमें से कई में ऐसी गोपनीय जानकारी थी, जिसका इस्तेमाल केवल बीएनडी के आंतरिक उद्देश्यों के लिए किया जाना था।
अभियोजकों ने कहा कि एक मामले में हेनिंग ने गोपनीय खुफिया जानकारी का इस्तेमाल एक विदेशी खुफिया सेवा के अधिकारी के लिए विश्लेषण तैयार करने में किया। यह स्पष्ट नहीं है कि संबंधित सामग्री इच्छित प्राप्तकर्ता तक पहुंची या नहीं।हेनिंग पर एक अन्य विदेशी खुफिया सेवा के प्रतिनिधि के साथ 'करीबी संपर्क' रखने का भी आरोप है। अभियोजकों के अनुसार, उन्होंने कई वर्षों तक उस प्रतिनिधि को राजनीतिक जानकारी उपलब्ध करायी, जिसमें कुछ सामग्री मैनफ्रेड डी. से प्राप्त की गयी थी।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, हेनिंग के पास खुफिया दस्तावेज होने का मामला जर्मन स्टेकहाउस कारोबारी परिवार की उत्तराधिकारी क्रिस्टिना ब्लॉक से जुड़े एक अलग मामले की जांच के दौरान सामने आया। हैम्बर्ग अभियोजक कार्यालय ने ब्लॉक पर 2023 में हिरासत विवाद के कारण अपने दो छोटे बच्चों के अपहरण की साजिश रचने का आरोप लगाया है। जांचकर्ताओं का आरोप है कि हेनिंग बच्चों के अपहरण के एक पूर्व प्रयास में भी शामिल थे, हालांकि उन्होंने इस आरोप से इनकार किया है।
राज्य आपराधिक पुलिस के अधिकारियों को कथित तौर पर एक इलेक्ट्रॉनिक डेटा भंडारण उपकरण मिला, जिसमें संवेदनशील जानकारी के साथ हाल के बीएनडी दस्तावेज भी थे।
बीएनडी इससे पहले भी इसी तरह के विवाद का सामना कर चुका है। 2023 में जर्मनी के एक वरिष्ठ खुफिया अधिकारी पर रूस को सरकारी गोपनीय जानकारी देने के आरोप में राजद्रोह का मामला दर्ज किया गया था। अभियोजकों ने आरोप लगाया था कि कार्स्टेन एल. ने यूक्रेन युद्ध और वैगनर भाड़े के सैनिक समूह से संबंधित खुफिया जानकारी साझा की तथा करीब चार लाख यूरो प्राप्त किये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित