नई दिल्ली/ रांची , सितंबर 10 -- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड की पुरानी और घिसी-पिटी स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
स्वास्थ्य सेवाओं में आधुनिक तकनीक, नई दवाइयों और बेहतर उपचार व्यवस्था को शामिल कर आम लोगों की जिंदगी बचाने के लिए वे दिन-रात काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "मेरा फोकस सिर्फ बातें करने पर नहीं, बल्कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को जमीन पर बदलने पर है। विपक्ष का काम आलोचना करना है, मैं अपना काम कर रहा हूं। मुझे खुशी है कि हमारे राजनीतिक विरोधी भी भीतर से हमारे काम की प्रशंसा करते हैं, लेकिन मेरा लक्ष्य प्रशंसा पाना नहीं, बल्कि झारखंड की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देना है।"डॉ. अंसारी ने कहा कि उनके सामने सबसे बड़ी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना, मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराना और सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में आमूलचूल सुधार करना है। उन्होंने कहा कि झारखंड को नई तकनीक, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और नई पीढ़ी की दवाइयों के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. अंसारी ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में 32 देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और अपने-अपने देशों की अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीक, आधुनिक मेडिकल उपकरण, नई दवाइयां, डिजिटल हेल्थ एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में विकसित हो रही तकनीकों का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर डॉ. अंसारी ने विभिन्न देशों की तकनीकों का भ्रमण कर एआई, रोबोटिक टेक्नोलॉजी, आधुनिक एमआरआई एवं सीटी स्कैन, कैंसर की दवाइयों, डिजिटल हेल्थ और अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों का गहन अध्ययन किया।
इस अवसर पर झारखंड से उप सचिव नेहा अरोड़ा, सचिव शशि प्रकाश सिंह, रितु सहाय सहित स्वास्थ्य विभाग से जुड़े विशेषज्ञ एवं अधिकारी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा कि भारत मंडपम में ओमान सहित कई देशों के प्रतिनिधियों के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि ओमान के साथ जल्द स्वास्थ्य एवं मेडिकल क्षेत्र में टाई-अप करने की दिशा में काम किया जाएगा। ओमान में तैयार हो रही आधुनिक कैंसर की दवाइयों एवं उपचार से जुड़ी तकनीक को झारखंड तक लाने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, "कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। दुनिया में जो नई और बेहतर दवाइयां उपलब्ध हैं, उनका लाभ झारखंड के मरीजों को भी मिले, इसके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग की संभावनाएं तलाश रहा हूं।"डॉ. अंसारी ने कहा कि जर्मनी की सीमेंस के साथ रोबोटिक टेक्नोलॉजी एवं आधुनिक चिकित्सा उपकरणों को लेकर विशेष स्तर पर बातचीत की जाएगी। जनवरी में इस दिशा में महत्वपूर्ण चर्चा प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय तकनीक आधारित चिकित्सा का है। रोबोटिक सर्जरी, एआई आधारित डायग्नोसिस, आधुनिक इमेजिंग सिस्टम और डिजिटल हेल्थ स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने वाले हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उनका विशेष फोकस एआई, आधुनिक एमआरआई, सीटी स्कैन,रोबोटिक टेक्नोलॉजी, डिजिटल हेल्थ और आधुनिक डायग्नोस्टिक सिस्टम पर है।
डॉ. अंसारी ने कहा, "मैंने यहां कई तकनीकों का गहन अध्ययन किया है। कई देशों और कंपनियों के साथ मेरी बातचीत हुई है। अब मेरा प्रयास है कि दुनिया में स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो बेहतरीन तकनीक उपलब्ध है, उसे झारखंड में लाया जाए।" उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों को तकनीक और उपचार की गुणवत्ता के मामले में मजबूत किया जाएगा, ताकि गरीब और सामान्य परिवारों के मरीजों को भी आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राजनीति में आलोचना होती रहती है, लेकिन स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील क्षेत्र में उनका ध्यान राजनीतिक बयानबाजी से ज्यादा काम और परिणाम पर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित