बैतूल , अगस्त 23 -- मध्यप्रदेश में बैतूल नगर पालिका परिषद के नए कार्यालय भवन के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। वर्षों से नए भवन का इंतजार कर रही नगर पालिका को पुराने जर्जर भवन को ढहाने की अनुमति मिल गई है। अब टेंडर के जरिए पहले जर्जर भवन को डिस्मेंटल कराया जाएगा और इसके बाद करीब दो करोड़ 47 लाख रुपये की लागत से नए कार्यालय भवन का निर्माण शुरू किया जाएगा।

प्रस्तावित नया भवन जी प्लस-3 यानी चार मंजिला होगा। प्रत्येक मंजिल का निर्माण क्षेत्र करीब 50 बाय 60 फीट यानी तीन हजार वर्गफीट रहेगा। भवन की प्रशासकीय स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है। स्ट्रक्चर ड्राइंग की मंजूरी के बाद तकनीकी स्वीकृति भी प्राप्त हो गई है। जर्जर भवन हटाने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

नए भवन में कर्मचारियों के साथ आम नागरिकों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। चार मंजिला भवन में ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने के लिए लिफ्ट लगाने की योजना है। इससे विभिन्न शाखाओं में काम के लिए आने वाले नागरिकों को बार-बार सीढ़ियां चढ़ने की परेशानी नहीं होगी।

नगर पालिका का मौजूदा मुख्य कार्यालय करीब 118 साल पुराने टाउन हाल में संचालित हो रहा है। यह भवन वर्ष 1908 में बनाया गया था। इसमें नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी के कक्ष के अलावा स्थापना सहित कई शाखाओं के कार्यालय संचालित हैं। भवन की जर्जर हालत के कारण लंबे समय से कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

नगर पालिका में राजस्व, लोक निर्माण, जल प्रदाय, लेखा, पेंशन, एनयूएलएम, जन्म-मृत्यु, स्वास्थ्य, भवन निर्माण, स्थापना और सामान्य प्रशासन सहित कई शाखाएं संचालित होती हैं। बढ़ते काम और कर्मचारियों की संख्या के कारण पुराने भवन में सभी शाखाओं का संचालन मुश्किल हो गया है।

इसी वजह से नगर पालिका परिसर में वैकल्पिक भवन भी बनाया गया है, जहां राजस्व, लोक निर्माण, जन्म-मृत्यु और जल प्रदाय जैसी शाखाएं संचालित हो रही हैं। कुछ कार्यालय शिवाजी चौक स्थित पुराने मंदिर भवन में भी चल रहे हैं। अलग-अलग स्थानों पर कार्यालय होने से नागरिकों को अपने काम के लिए कई जगह जाना पड़ता है।

नए भवन के निर्माण के बाद नगर पालिका की अधिकांश शाखाओं को एक ही परिसर में व्यवस्थित करने की राह आसान होगी। इससे कर्मचारियों को सुरक्षित और बेहतर कार्यस्थल मिलने के साथ शहरवासियों को भी नगर पालिका से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर मिलने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित