फगवाड़ा , अगस्त 20 -- पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना ने लुधियाना में तैनात पंजाब पुलिस के सहायक सब-इंस्पेक्टर गुरदेव सिंह द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को मुफ्त यूपीएससी कोचिंग, रहने और भोजन की सुविधा उपलब्ध करवाने के प्रयासों की सराहना की है।

श्री खन्ना ने गुरुवार को गुरदेव सिंह की जनसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को देखते हुए पंजाब के राज्यपाल और पंजाब पुलिस के महानिदेशक से उन्हें विशेष रूप से सम्मानित करने की सिफारिश की है।

उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाने के साथ-साथ गुरदेव सिंह ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को बेहतर भविष्य बनाने में मदद करने का मिशन भी शुरू किया है। सतगुरु रविदास वेलफेयर एंड एजुकेशनल सोसायटी के माध्यम से जरूरतमंद विद्यार्थियों को यूपीएससी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग के साथ रहने और भोजन की सुविधा भी उपलब्ध करवायी जा रही है।

श्री खन्ना ने कहा कि गुरदेव सिंह के मार्गदर्शन से कई विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर चुके हैं। इनमें कुछ युवाओं ने पंजाब पुलिस में सब-इंस्पेक्टर और अन्य महत्वपूर्ण पद हासिल किये हैं, जिससे उनके परिवारों और समाज का गौरव बढ़ा है।

पूर्व सांसद ने कहा कि यह पहल साबित करती है कि यदि सक्षम और सामाजिक रूप से जिम्मेदार लोग प्रतिभाशाली जरूरतमंद विद्यार्थियों का सहयोग करें तो आर्थिक कठिनाइयां युवाओं को अपने लक्ष्य हासिल करने से नहीं रोक सकतीं। उन्होंने कहा कि गुरदेव सिंह द्वारा पुलिस सेवा को केवल कानून-व्यवस्था बनाये रखने तक सीमित न रखते हुए राष्ट्र और समाज निर्माण में योगदान का माध्यम बनाना विशेष रूप से सराहनीय है।

श्री खन्ना ने कहा कि समर्पित, संवेदनशील और निस्वार्थ अधिकारियों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने से न केवल गुरदेव सिंह का उत्साह बढ़ेगा, बल्कि अन्य सरकारी कर्मचारियों और समाजसेवियों को भी जरूरतमंद लोगों के लिए इसी प्रकार कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने पंजाब के राज्यपाल से गुरदेव सिंह को शिक्षा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए राज्य स्तरीय सम्मान देने पर विचार करने की अपील की। साथ ही उन्होंने पंजाब के डीजीपी से भी एएसआई गुरदेव सिंह को विभागीय स्तर पर सम्मानित करने का आग्रह किया, ताकि अन्य पुलिसकर्मी भी अपनी आधिकारिक जिम्मेदारियों के साथ सामाजिक सेवा के कार्यों के लिए प्रेरित हों।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित