कोल्हापुर , जून 15 -- मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल ने सोमवार को महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार से आग्रह किया कि मराठा समुदाय को आरक्षण का लाभ देने के लिए बॉम्बे, सतारा, कोल्हापुर, मिराज, औंध और पुणे के ऐतिहासिक गजट को वैध प्रमाण माना जाए।
कोल्हापुर के न्यू पैलेस में कांग्रेस सांसद श्रीमंत शाहू छत्रपति से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए श्री पाटिल ने कहा कि आरक्षण प्रक्रिया में हैदराबाद और सतारा के गजट पर पहले से ही विचार किया जा रहा है। ऐसे में कोल्हापुर और अन्य क्षेत्रों के रिकॉर्ड को भी इसमें शामिल किया जाना चाहिए।
श्री पाटिल ने कहा कि यह सब जानते हैं कि सरकार ने पहले भी हमसे इस मुद्दे पर बातचीत की है। अब हमारा भरोसा और बढ़ गया है, क्योंकि सरकार ने कुछ सकारात्मक कदम उठाए हैं। इसमें शिंदे समिति का कार्यकाल बढ़ाने का प्रस्ताव जारी करना, 58 रिकॉर्ड के आधार पर प्रमाण पत्र देना और अधिकारियों को इस प्रक्रिया में कोई रुकावट न आने देने के निर्देश देना शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित