नयी दिल्ली , मार्च 16 -- विदेश मंत्री डा. एस. जयशंकर ने सोमवार को बेल्जियम में यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से मुलाकात की और कहा कि उनका गत जनवरी में भारत का "अत्यंत सफल" राजकीय दौरा भारत-यूरोपीय संघ संबंधों में मील का पत्थर साबित हुआ है। डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि भारत उनके दौरे में हुई बातचीत का सक्रिय रूप से 'फॉलो-अप' कर रहा है। उन्होंने समकालीन वैश्विक घटनाओं पर उनकी अंतर्दृष्टि की भी सराहना की।

विदेश मंत्री दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर ब्रुसेल्स में हैं। उनकी यह यात्रा यूरोपीय संघ की उच्च प्रतिनिधि एवं उपाध्यक्ष, काजा कालास के निमंत्रण पर हो रही है, ताकि वह यूरोपीय संध के 27 सदस्य राज्यों के विदेश मंत्रियों के साथ विदेश मामलों की परिषद की बैठक में बातचीत कर सकें।

विदेश मंत्री के कार्यक्रम में यूरोपीय संघ के नेतृत्व और बेल्जियम तथा अन्य सदस्य देशों के अपने समकक्षों से बैठकें शामिल हैं।

विदेश मंत्री का यह दौरा ऐतिहासिक 16वें भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन के तुरंत बाद हुआ है। इससे भारत और यूरोपीय संघ के रणनीतिक साझेदारी के और मजबूत होने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित