नयी दिल्ली , अक्टूबर 06 -- विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर मंगलवार से तीन अफ्रीकी देशों घाना, कोट द'ईवोआर और इथियोपिया की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि विदेश मंत्री तीनों देशों के नेतृत्व और वहां के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय संबंधों, व्यापार, आर्थिक सहयोग, विकास सहयोग और क्षमता निर्माण समेत कई मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

बैठकों में भारत और इन तीनों देशों के बीच दोस्ती और सहयोग से जुड़े संबंधों की समीक्षा की जाएगी। बातचीत में व्यापार और आर्थिक संबंध, विकास सहयोग, क्षमता निर्माण और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क समेत द्विपक्षीय संबंधों के सभी प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा होगी।

डॉ. जयशंकर क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर के आपसी हित से जुड़े मुद्दों पर भी संबंधित देशों के साथ विचार साझा करेंगे। इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में विदेश मंत्री क्षेत्रीय मिशन प्रमुखों के सम्मेलन की अध्यक्षता भी करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि विदेश मंत्री की यह यात्रा अफ्रीका के साथ भारत की साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह यात्रा ग्लोबल साउथ के साथ भारत की एकजुटता को भी आगे बढ़ाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित