पटना , अक्टूबर 11 -- बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण (जेपी) की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी लोकतंत्र को सशक्त बनाने और जनसेवा के लिए प्रेरणा देते हैं।

डॉ. कुमार ने रविवार को जयप्रकाश नारायण के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण महान जननेता थे, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज, राष्ट्र और जनहित के लिए समर्पित कर दिया। उनका जीवन त्याग, संघर्ष, नैतिकता और जनसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण है।

विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि जयप्रकाश नारायण ने सत्ता और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और जनभागीदारी को मजबूत करने के लिए आजीवन प्रयास किया। उनकी संपूर्ण क्रांति की अवधारणा केवल राजनीतिक बदलाव तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसमें सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और नैतिक परिवर्तन की व्यापक परिकल्पना शामिल थी।

उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण ने अपने विचारों और आंदोलनों के माध्यम से युवाओं में नई चेतना जगाई तथा लोकतंत्र में जनभागीदारी और नागरिक अधिकारों के महत्व को रेखांकित किया। उनके विचार आज भी जनप्रतिनिधियों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को जनसेवा तथा राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित