पटना , अक्टूबर 11 -- बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण(जेपी) की जयंती पर केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों को कुचलने का आरोप लगाते हुए कहा कि अहंकारी, तानाशाही और अलोकतांत्रिक सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने तक वे शांत नहीं बैठेंगे।

श्री यादव ने रविवार को जारी वक्तव्य में कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती से एक दिन पहले लोकतांत्रिक, संवैधानिक और शांतिपूर्ण आंदोलन को लाठी, गोली और गाली के सहारे बर्बरतापूर्वक कुचला गया। अपने अधिकारों की आवाज उठाने दिल्ली आ रहे देशवासियों को सरकारी मशीनरी और पुलिस बल के सहारे अपने ही देश में रोका गया। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति लागू है।

राजद नेता ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर वे संकल्प लेते हैं कि इस अहंकारी, तानाशाही और अलोकतांत्रिक सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने तक चैन से नहीं बैठेंगे।

नेता प्रतिपक्ष ने सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि वह न तो गोली से डरते हैं और न ही गाली से। सरकारी मशीनरी और प्रपंच भी उनके संघर्ष को रोक नहीं सकते।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित