जयपुर , अक्टूबर 09 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में अगले वर्ष जनवरी में आयोजित देश के प्रतिष्ठित और बहुप्रतीक्षित जयपुर साहित्य उत्सव (जेएलएफ) ने अपने आगामी 20वें संस्करण के लिए वक्ताओं की पहली सूची जारी कर दी है।
आयोजकों के अनुसार जेएलएफ-2027 जयपुर में 14 से 18 जनवरी तक आयोजित किया जायेगा जो इसका 20वां संस्करण होगा जिसमें नोबेल पुरस्कार विजेता एस्थर डुफ़्लो और ओल्गा टोकार्चुक के साथ-साथ दुनिया भर की कई जानी-मानी हस्तियां एक मंच पर होंगी। जिनमें मीरा सयाल, लीज़ डूसे, जेम्स वुड, इसाबेला हम्माद, मार्कस डू सॉटॉय और स्टीव ब्रुसैट शामिल हैं।
इस दौरान साहित्य से जुड़े दिलचस्प संवाद, अलग-अलग विषयों पर रोचक बातचीत और विभिन्न संस्कृतियों को जानने-समझने का मौका मिलेगा। दो दशकों से लेखकों और पाठकों, विचारकों और श्रोताओं के माध्यम से भारत और दुनिया को एक साथ लाने का जश्न मनाते हुए, जयपुर साहित्य उत्सव 2027 में साहित्य, विज्ञान, पत्रकारिता, इतिहास, अर्थशास्त्र, क़ानून, तकनीक, खान-पान, फ़ैशन, संस्कृति और कला से जुड़ी आवाज़ों का एक शानदार समूह मौजूद रहेगा।
अब तक घोषित वक्ताओं में अनामिका, तहमीमा अनम, उमर अल अक्काद, अवनि दोशी, स्टीव ब्रुसैट, ड्रमंड मनी-कुट्स, होमी के. भाभा, श्रबनी बसु, लुईस कैनेडी, प्रबल गुरुंग, संजॉय हज़ारिका, इसाबेला हम्माद, एस.वाई. क़ुरैशी, इंदिरा जयसिंह, बी. जयमोहन, जस्टिस संजय किशन कौल, करण महाजन, किरण मजूमदार-शॉ, दामोदर मौजो, डेम मीरा सयाल, मार्कस डू सॉटॉय, गीतांजलि श्री, मॉली क्रैबेपल, वली नस्र, एस्थर डुफ़्लो, डेविड वैन रेब्रुक, सुधा मूर्ति, ओल्गा टोकार्चुक, जेम्स वुड, लीज़ डूसे और राधावल्लभ त्रिपाठी शामिल हैं।
इस सूची में दुनिया भर के प्रसिद्ध लेखकों और विचारकों के साथ-साथ भारत की असाधारण भाषाई और सांस्कृतिक विविधता का प्रतिनिधित्व करने वाले नाम भी इस सूची को समृद्ध कर रहे हैं। हिंदी, तमिल, मलयालम, असमिया, कोंकणी, कन्नड़, मराठी, भोजपुरी, सिंधी, मणिपुरी और अन्य भारतीय साहित्यिक परंपराओं से लेकर प्रमुख अंतरराष्ट्रीय आवाज़ों तक, 20वां संस्करण उन तमाम भाषाओं और दृष्टिकोणों का उत्सव मनाएगा जो समकालीन साहित्य और विचारों को आकार देते हैं।
विज्ञान और बौद्धिक जगत की प्रमुख हस्तियों में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में गणित के प्रोफेसर और विज्ञान को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए काम करने वाले मार्कस डू सॉटॉय तथा जीवाश्म विज्ञानी स्टीव ब्रुसैट शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित