जयपुर , जनवरी 15 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में पहली बार गुरुवार को 78वीं सेना दिवस परेड निकाली गई और इस दौरान सेना के शौर्य, अत्याधुनिक हथियारों सहित उसकी क्षमता का भव्य प्रदर्शन किया गया।
जयपुर में जगतपुरा के महल रोड में आयोजित इस सेना दिवस परेड में राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डाॅ. प्रेमचंद बैरवा सहित कई मंत्री और बड़ी संख्या में लोग इसके साक्षी बने। इस दौरान सेना के बड़े अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में सैनिकों ने भाग लिया।
इस दौरान जयपुर की सड़कों पर ब्रह्मोस मिसाइल और पिनाका लॉन्चर को आम लोगों ने देखा। आसमान में अटैक हेलिकॉप्टर अपाचे ने दुश्मनों के होश उड़ाने वाले करतब दिखाए। जगुआर लड़ाकू विमान ने परेड में हिस्सा लिया।
इस दौरान 61वीं कैवेलरी के घुड़सवार लहरिया साफा पहनकर राजस्थानी एवं सैन्य परंपरा की झलक दिखाते दिखे। अर्जुन टैंक, के-9 वज्र, धनुष तोप, बीएमपी, सिलिका और 155 एमएम अमोघ जैसे अत्याधुनिक हथियारों और बख्तरबंद वाहनों का प्रदर्शन किया गया।
परेड की शुरुआत ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए जवानों को सेना मेडल (वीरता) से सम्मानित करने के साथ हुई। इसके बाद गैलेंट्री अवॉर्ड से सम्मानित आर्मी ऑफिसर्स ने परेड कमांडर को सलामी दी।
करीब तीन किलोमीटर में हुई सेना दिवस परेड को देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। महल रोड पर परेड देखने के लिए कई किलोमीटर लंबी कतारें लगी तथा लोगों में परेड के प्रति जोरदार उत्साह दिखा।
शाम को एसएमएस स्टेडियम में शौर्य संध्या का आयोजन भी किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित