जयपुर , अगस्त 29 -- राजस्थान की तेजी से बढ़ती इवेंट और वेडिंग इंडस्ट्री जयपुर में रविवार से आयोजित दो दिवसीय वार्षिक सम्मेलन 'इवेंटस्थान' के 13वें संस्करण में देशभर से 400 से अधिक इवेंट मैनेजर्स और इंडस्ट्री प्रोफेशनल्स एक साथ जुटेंगे।
फेडरेशन ऑफ राजस्थान इवेंट मैनेजर्स (फोरम) के अध्यक्ष हितेन्द्र शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में जहां इवेंट इंडस्ट्री के दिग्गज अनुभव और भविष्य की संभावनाओं पर मंथन करेंगे, वहीं स्टार कलाकारों सपना चौधरी, बॉलीवुड कलाकार महक चहल आदि की प्रस्तुतियां कार्यक्रम में ग्लैमर का तड़का लगायेगी।
फोरम सचिव भुवनेश अग्रवाल ने कहा कि कार्यक्रम में एक सत्र राजस्थान-ट्रेडिशन से ट्रांसफॉर्मेशन में राजस्थान लघु उद्योग निगम लिमिटेड के पूर्व अध्यक्ष राजीव अरोड़ा भाग लेंगे। कार्यक्रम में इवेंट इंडस्ट्री के बदलते ट्रेंड्स, डेस्टिनेशन वेडिंग, नए बिजनेस अवसर, टेक्नोलॉजी और राजस्थान को देश के प्रमुख वेडिंग एवं इवेंट डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने को लेकर चर्चा होगी।
सम्मेलन का उद्देश्य सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि इंडस्ट्री के लोगों को जोड़ना, नए अवसरों पर चर्चा करना और आने वाले समय के लिए नये आइडिया साझा करना है। इस दौरान वरिष्ठ इवेंट प्रोफेशनल्स अपने अनुभव साझा करेंगे वहीं नई पीढ़ी के इवेंट मैनेजर्स को दिग्गजों के साथ नेटवर्किंग का मौका मिलेगा।
उन्होंने बताया कि राजस्थान की इवेंट इंडस्ट्री ने पिछले कुछ वर्षों में देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बनायी है और यह सम्मेलन इंडस्ट्री के लोगों को एक साथ लाने और भविष्य के लिए नयी दिशा तय करने का प्रयास है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित