जयपुर , मई 15 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ईंधन की खपत में संयम बरतने की अपील के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 23 से 25 मई तक जयपुर में प्रस्तावित ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम-2026) को कुछ समय के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों से पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का समझदारी से उपयोग करने का आग्रह किया है और सार्वजनिक परिवहन तथा कारपूलिंग अपनाने की सलाह दी है। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री ने ग्राम जैसे बड़े आयोजन को स्थगित करने का फैसला किया, क्योंकि इस आयोजन में प्रदेश भर से बड़ी संख्या में किसान तथा देश-विदेश से कृषि विशेषज्ञ और उद्यमी शामिल होने वाले थे। इस निर्णय से अतिथियों के आवागमन और लॉजिस्टिक्स परिवहन में लगने वाला ईंधन बचाया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ईंधन बचत और ऊर्जा संयम के संदेश का अनुसरण करते हुए राज्य सरकार बड़े राजकीय कार्यक्रमों की संख्या में कमी ला रही है। साथ ही वर्चुअल माध्यम से बैठकों एवं वाहन उपयोग में किफायत बरतने को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने आमजन से भी वाहनों का विवेकपूर्ण उपयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि बूंद-बूंद से सागर बनता है, यदि हम सभी थोड़ा-थोड़ा संयम बरतें तो तेल के खर्च में बहुत बड़ा अंतर लाया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित