जयपुर , जून 18 -- राजस्थान में संचालित शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत जयपुर आयुक्तालय की निरीक्षण टीम ने गुरुवार को जयपुर के खो नागौरियान क्षेत्र में स्वास्थ्य के प्रति हानिकारक स्थिति में तैयार किये जा रहे नेचुरल ब्रांड के नाम से सॉस एवं मेंयोनीज़ की फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई कर लगभग 1400 किलो खाद्य सामग्री नष्ट की गई और 2280 किलोग्राम खाद्य सामग्री सीज की गई।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी शुभमंगला के बताया कि नियम विरुद्ध गतिविधियां पाये जाने पर फर्म का खाद्य अनुज्ञा पत्र निरस्त किया गया है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण में पाया गया कि फर्श जगह-जगह से टूटा हुआ था, फर्श के साथ लगी दीवारों पर ना तो टाइले थी ना ही किसी तरह का पेंट किया हुआ था | मौके पर मौजूद लगभग छह स्टाफ का मेडिकल नहीं पाया गया। वेजिटेबल सॉस में भारी मात्रा में कलर मिलाया जा रहा था इसके साथ ही मेयोनीज बनाने के लिए काम आने वाला स्टार्च जो बिल्कुल अनहाइजीनिक स्थिति में रखा हुआ था।
डॉ. शुभमंगला ने बताया कि मौके पर अनहाइजीनिक स्थिति में रखे हुए स्टार्च एवं सॉस जिसमें की कीड़े भी पड़े हुए थे और लगभग 1400 किलो को हानिकारक खाद्य सामग्री को मोके पर ही नष्ट कराया गया | टीम ने मौके से एफएसएस एक्ट के तहत एक नमूना कॉन्टिनेंटल सॉस, एक नमूना ग्रीन चिली सॉस, दो नमूने मेयोनेज़ के लेकर लगभग 2280 किलो खाद्य सामग्री सीज़ की गई |उन्होंने बताया कि मौके पर पाई गई भारी अनियमितताओं के कारण संयुक्त आयुक्त डॉक्टर विजय प्रकाश शर्मा ने सीएमएचओ जयपुर द्वितीय एवं उनके खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल को मौके पर बुलाया और फार्म का खाद्य अनुज्ञा पत्र मौके पर ही निरस्त कराया गया। नमूने लिए गए और जांच के लिए जयपुर की खाद्य प्रयोगशाला में भेजे जायेगे ।जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित