जयपुर , सितंबर 06 -- राजस्थान में नगरीय निकाय आम चुनाव के तहत जयपुर जिले की 18 नगर निकायों में नौ सितंबर को होने वाले मतदान के लिए इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन ( ईवीएम) को मतदान के लिए तैयार करने का कार्य आयोजित किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक की निगरानी में जिले की दो नगर परिषद् चौमू एवं शाहपुरा तथा 16 नगर पालिकाओं दूदू, किशनगढ़-रेनवाल, जोबनेर, बस्सी, सांभरलेक, वाटिका, चाकसू, जमवारामगढ़, फागी, नरायना, फुलेरा, मनोहरपुर, बगरू, कानोता, खेजरोली एवं कालाडेरा के लिए होने वाले मतदान के लिए ईवीएम कमीशनिंग का कार्य भवानी निकेतन के फार्मेसी कॉलेज में आयोजित हुआ।

इस दौरान श्री नायक ने परिसर का निरीक्षण कर चुनाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने इस दौरान चुनाव संबंधी कार्यों को पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी के साथ सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके एवं सुचारू रूप से निष्पादित करने के निर्देश सभी मतदान कर्मियों को प्रदान किए हैं। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, इन नगर निकायों के रिटर्निंग अधिकारी सहित संबंधित प्रकोष्ठ प्रभारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित