जयपुर , अप्रैल 16 -- राजस्थान में मिलावट के खिलाफ चलाये जा रहे 'शुद्ध आहार एवं मिलावट पर वार' अभियान के तहत जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर सघन निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई कर 1422 लीटर घी को जब्त किया और बिलौना घी के एक बैच पर प्रतिबंध लगाया हैं। खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि मैसर्स शंकर एजेंसी का निरीक्षण कर गुलकंद सिरप, गवावा क्रश, पपीता प्रिजर्व फूड, सोया सॉस, चिली सॉस एवं कॉन्टिनेंटल सॉस के कुल छह नमूने लिए गए। मिलावट के संदेह पर मौके पर 99 लीटर गुलकंद सिरप, 22 लीटर गवावा क्रश, 97 किलोग्राम पपीता प्रिजर्व फूड, 142 किलोग्राम सोया सॉस, 78 किलोग्राम ग्रीन चिली सॉस, 120 किलोग्राम कॉन्टिनेंटल सॉस को सीज किया गया।
इसके अतिरिक्त अविधपार 175 किलो कस्टर्ड पाउडर, 240 किलो चेरी पपीता फ्रूटी एवं 750 किलो फलूदा नष्ट करवाया गया।
अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने बताया कि श्री अनु मिल्क प्रोडक्ट्स लिमिटेड का निरीक्षण कर घी बिलौना के बैच नं. 024 एवं घी डेयरी फ्रेश के बैच नं. 23 के नमूने लिए गए। मौके पर 1422 लीटर घी को जब्त कर लिया गया।
उल्लेखनीय है कि बिलौना घी के बैच नं. 029 का नमूना असुरक्षित पाए जाने पर संबंधित बैच के विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है तथा संबंधित विक्रेताओं एवं निर्माताओं को इसे बाजार में न बेचने के निर्देश दिए गए है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित