जयपुर , जनवरी 12 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में 15 जनवरी को होने वाली 78वीं सेना दिवस परेड के तहत सप्त शक्ति कमांड द्वारा आयोजित 'नो योर आर्मी मेला' सेना का शौर्य, उसकी अत्याधुनिक तकनीकी क्षमताओं का प्रदर्शन एवं देशभक्ति की भावना, जिज्ञासा और भारतीय सेना के प्रति सम्मान से सराबोर हो रहा है।

रक्षा सूत्रों के अनुसार छह दिवसीय इस मेले के पांचवें दिन सोमवार को राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे मुख्य अतिथि के रुप में मेले में शामिल हुए और उनकी मौजूदगी में कार्यक्रम को औपचारिक गरिमा प्रदान की गई और सेना एवं नागरिकों के बीच स्थायी बंधन को पुष्ट किया गया। उनके साथ सप्त शक्ति कमांड के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह एवं कई अन्य वरिष्ठ सैन्य और नागरिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

इस दौरान श्री बागडे ने सेना के जवानों और आगंतुकों के साथ संवाद किया और राष्ट्र की रक्षा में भारतीय सेना की अडिग प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने जयपुरवासियों की उत्साही, निरंतर और जबरदस्त भागीदारी के लिए गहरी प्रशंसा व्यक्त की, जिसने इस कार्यक्रम को राष्ट्रीय गौरव का जीवंत उत्सव बना दिया और जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता की भावना को प्रज्वलित किया।

इस दौरान 'अपनी सेना को जाने मेला' ने सेना की ऑपरेशनल कैपेबिलिटी और तकनीकी उत्कृष्टता का जीवंत प्रदर्शन प्रस्तुत किया। आगंतुकों ने यांत्रिक प्लेटफार्म, पैदल सेना के हथियार, तोपखाने और हवाई रक्षा प्रणालियों, अनमैनड एयरियल व्हीकल्स और उन्नत संचार उपकरणों की प्रभावशाली प्रदर्शनी देखी। इसके साथ ही सैनिक संवाद क्षेत्र और सिमुलेटरों ने नागरिकों को आधुनिक भारतीय सेना की पेशेवर दक्षता, तत्परता और अत्याधुनिक क्षमताओं का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित