जयपुर , सितम्बर 06 -- राजस्थान में नगरीय निकाय आम चुनाव में आमजन को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को राजधानी जयपुर में साइकिल रैली निकालकर मतदाता जागरुकता की अलख जगाई।

जिला निर्वाचन कार्यालय जयपुर एवं राजस्थान रोड़ राइडर्स साइकिलिंग क्लब के संयुक्त तत्वावधान में 'स्वीप' (सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता) कार्यक्रम के तहत अमर जवान ज्योति जनपथ एसएमएस स्टेडियम से जलमहल तक मतदाता जागरूकता साइकिल रैली निकाली की गई। रैली को अमर जवान ज्योति से स्वीप कार्यक्रम के प्रभारी एवं सीईओ जिला परिषद् शुभम भैंसारे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं ने भी साइकिलिंग कर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया।

इस दौरान श्री भैंसारे ने बताया कि जिस प्रकार स्वास्थ्य के लिए साइक्लिंग करना आवश्यक है उसी प्रकार स्वस्थ लोकतंत्र के लिए मतदान अतिमहत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि जयपुर जिले में नौ सितंबर को दो नगरपरिषद् एवं 16 नगरपालिकाओं के 540 वार्डों तथा 11 सितंबर को जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के लिए प्रातः सात बजे से सांय छह बजे तक मतदान होगा। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबुत करने की अपील की है।

इस अवसर पर राजस्थान रोड राइडर्स के संरक्षक डॉक्टर जी एल शर्मा, अध्यक्ष विजेंद्र सिंह पाड़ला, उपनिदेशक जन संपर्क हेमंत सिंह, जिला नोडल स्वीप समन्वयक दिनकर शर्मा, रॉबिन हुड आर्मी जयपुर की संयोजक रेनू जिंदल तथा अन्य साइक्लिस्ट ने मतदाता जागरूकता की अलख जगाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित