जयपुर , फरवरी 27 -- ओपन इनोवेशन लोटस फाउंडेशन द्वारा ग्लोबल सीसाइड स्टार्टअप समिट टीम के सहयोग से आयोजित राजस्थान स्टार्टअप समिट-2026 का शुक्रवार को जयपुर में शुभारंभ हुआ।

राजस्थान के सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग, आर्मेनिया गणराज्य के उच्च-तकनीकी उद्योग मंत्रालय और स्टार्टअप आर्मेनिया फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित यह शिखर सम्मेलन स्टार्टअप्स, निवेशकों, सलाहकारों, कॉरपोरेट्स, नीति निर्माताओं और इकोसिस्टम लीडर्स को एक सहयोगात्मक मंच पर एक साथ लाया है।

समिट के शुभारंभ पर फाउंडेशन ने मीडिया को बताया कि यह विशेष रूप से तैयार किया गया प्रारूप अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सीसाइड स्टार्टअप समिट मॉडल के मुख्य मूल्य को प्रदान करता है, जिसे आर्मेनिया, यूएई और भारत के विभिन्न संस्करणों में सफलतापूर्वक लागू किया जा चुका है। राजस्थान संस्करण वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं को स्थानीय जरूरतों के साथ जोड़ता है और एक माइक्रो-एक्सेलरेशन प्लेटफॉर्म के रूप में काम करता है, जिसका उद्देश्य निवेश, पायलट प्रोग्राम, नीति और उद्योग के बीच सहयोग तथा राज्य के उभरते इनोवेशन इकोसिस्टम के तेज विकास को बढ़ावा देना है।

समिट में राजस्थान सरकार के प्रतिनिधियों और आर्मेनिया के अंतरराष्ट्रीय भागीदारों एवं अन्य गणमान्य लोगों ने भाग लिया। समिट में चयनित 130 स्टार्टअप भाग ले रहे है। इस कार्यक्रम में स्टार्टअप्स के लिए एआई स्केलेबिलिटी, स्मार्ट पूंजी जुटाना, नेट-जीरो लक्ष्य हासिल करने के रास्ते और शिक्षा एवं पारिवारिक व्यवसाय जैसे उभरते क्षेत्रों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गतिशील पैनल चर्चाएँ भी शामिल हैं। प्रतिभागी विभिन्न समूहों में स्टार्टअप पिचिंग प्रतियोगिताओं, एक-से-एक मेंटरशिप सत्रों, निवेशक राउंडटेबल बैठकों, इनोवेशन पवेलियन प्रदर्शनी और डील फ्लो रिव्यू में भाग लेंगे।

ओपन इनोवेशन लोटस फाउंडेशन, जो इस समिट के संचालन, इकोसिस्टम समन्वय और रणनीतिक साझेदारियों के पीछे एक प्रमुख शक्ति है, की स्थापना जुड़वां उद्यमियों और सह-संस्थापकों युवराज भारद्वाज और यशराज भारद्वाज द्वारा की गयी है। उन्होंने पेटोनिक एआई और प्लैनेक्स रीसाइक्लिंग की भी सह-स्थापना की है। यशराज भारद्वाज यूसी बर्कले में सलाहकार भी हैं और नीति आयोग की इंडस्ट्री एडवाइजरी काउंसिल के सदस्य भी हैं।

श्री युवराज भारद्वाज ने कहा कि राजस्थान स्टार्टअप समिट 2026 सिर्फ एक आयोजन नहीं है, बल्कि यह भारत के सबसे संभावनाशील क्षेत्रों में से एक में नवाचार की अगली लहर को गति देने वाला एक उत्प्रेरक है। समिट के दूसरे दिन राजस्थान के कई विश्वविद्यालयों के कई होनहार छात्रों को भी भाग लेने का मौका दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित