जयपुर , अगस्त 22 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर दो दिन में वाहन चालकों के खिलाफ 7134 चालान किये गये।

जयपुर यातायात पुलिस ने यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चलाने के खिलाफ 21 एवं 22 अगस्त को दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर यह चालान काटे।

यातायात पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार 20 और 21 अगस्त को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 7134 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गयी। इनमें विओसी ऐप से फोटो खींचकर 798, पीओएस मशीन से 2633, आईटीएमएस ऑनलाइन चालान से 1135 तथा इंटरसेप्टर एवं स्पीड गन के माध्यम से 2568 चालान शामिल हैं। कुल कार्रवाई में रॉन्ग साइड के 544 चालान भी शामिल हैं।

पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त यातायात एवं प्रशासन प्रदीप मोहन शर्मा के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल के नेतृत्व में 20 और 21 अगस्त को जयपुर के पूर्व, दक्षिण, पश्चिम और उत्तर जोन में विशेष टीमें तैनात कर कार्रवाई की गयी।

अभियान के दौरान 20 अगस्त को गलत दिशा के 283 तथा 21 अगस्त को 261 चालान किये गये। इस तरह दो दिनों में गलत दिशा में वाहन चलाने वाले 544 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गयी। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन गलत दिशा में नहीं चलायें, क्योंकि यह गंभीर यातायात उल्लंघन है और इससे घातक सड़क दुर्घटनाएं हो सकती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित